बिधूना। रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही एक महिला का जेवरों और नकदी से भरा पर्स फल खरीदते समय गिर गया। गनीमत रही कि पर्स एक सुरक्षा गार्ड को मिल गया। गार्ड ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स को सुरक्षित कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने महिला की पहचान और पर्स में रखे सामान की पुष्टि करने के बाद उसे सुरक्षित वापस लौटा दिया।
एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव परसुआ निवासी ममता पत्नी विनय कुमार अपने बच्चों के साथ उर्मदा से रिश्तेदारी से वापस अपने गांव जा रही थी। इसी दौरान वह बिधूना के भगत सिंह चौराहे के पास एक ठेले पर अमरूद खरीदने लगीं। मोबाइल निकालते समय उनका छोटा पर्स सड़क पर गिर गया। वहीं, पर्स मिलने पर सुरक्षा गार्ड ने उसे अपने पास रखने के बजाय कोतवाली पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। महिला के कोतवाली पहुंचकर शिकायत करने पर पुलिस ने पर्स के संबंध में जानकारी जुटाई और उसमें रखे सामान का मिलान कराया। पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीनों अंगूठियां, मंगलसूत्र और नकदी सहित पूरा पर्स महिला को वापस सौंप दिया। खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली। कोतवाल वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि पहचान की पुष्टि के बाद महिला को वापस कर दिया गया है।
