सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए मंडल से लेकर जिला स्तर तक बैठकों का दौर जारी है, लेकिन सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम अब भी नदारद हैं। जिले के 38 चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर चार कमिश्नरी और 10 जिला स्तरीय बैठकों के बाद भी सुधार नहीं हुआ है।

अधिकांश स्थानों पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र का चेतावनी बोर्ड लगाकर जिम्मेदार विभागों ने औपचारिकता पूरी कर ली है। न गति नियंत्रण के इंतजाम हैं और न ही रात में वाहन चालकों को रास्ता दिखाने वाले संकेतक। अब ठंड के साथ सुबह-शाम धुंध और कोहरे की शुरुआत होने से इन स्थानों पर हादसों का खतरा और बढ़ गया है।

शासन के निर्देश पर प्रशासन ने उन स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है, जहां तीन साल में कम से कम पांच मौतें और 10 सड़क हादसे हुए हैं। प्रत्येक ब्लैक स्पॉट का दायरा करीब 500 मीटर निर्धारित होता है।

इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क की बनावट में सुधार से लेकर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए। इसके बावजूद जिले के 38 चिह्नित स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हो सकी हैं।

सड़क सुरक्षा को लेकर मंडल स्तर पर कमिश्नर की अध्यक्षता में चार और जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 10 बैठकें हो चुकी हैं। इनमें संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट सुधारने और हादसों की रोकथाम के निर्देश भी दिए गए, लेकिन धरातल पर उनका असर नजर नहीं आ रहा है। पड़ताल में सामने आया कि कई स्थानों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड के अलावा सुरक्षा के दूसरे इंतजाम नहीं हैं।

वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और गति सीमा के संकेतक नहीं लगाए गए हैं। सड़कों पर सफेद-पीली पट्टियां, कैट आई और रोड स्टड भी नदारद हैं। रात में चमकने वाले संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है।

खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। वहीं, जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक सिग्नल, स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग और सर्विस रोड की व्यवस्था भी नहीं की गई है। इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी धरातल पर नहीं उतरी है।

ठंड के मौसम में सुबह और शाम दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और आगे मौजूद मोड़ों का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है। ऐसे में ब्लैक स्पॉट पर जरूरी संकेतक, प्रकाश और गति नियंत्रण के इंतजाम नहीं होना दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकता है। लगातार बैठकों और निर्देशों के बावजूद सुरक्षा कार्य पूरे नहीं होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

——–

शहर का हाफिजपुर तो बरदह का जीवली बना हादसों का हॉटस्पॉट

आजमगढ़। आजमगढ़ शहर का हाफिजपुर और बरदह क्षेत्र का जीवली सड़क हादसों के लिहाज से सबसे संवेदनशील स्थानों में शामिल हैं। इन दोनों जगहों पर सबसे अधिक सड़क हादसे होने के बावजूद प्रभावी सुरक्षा इंतजामों की कमी चिंता बढ़ा रही है। ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए गति नियंत्रण, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क चिह्नांकन और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जरूरी है। इसके बावजूद इन स्थानों पर सुरक्षा उपायों की स्थिति की समीक्षा और सुधार की जरूरत बनी हुई है।

केस-1

किशुनदासपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया है। यहां न तो सफेद और न ही पीली पट्टी है। न ही रिफ्लेक्टर लगा हुआ है। प्रकाश की भी कोई व्यवस्था नहीं है। इससे यहां अंधेरा रहता है।

केस-2

बेलइसा सब्जी मंडी गेट के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर कोई व्यवस्था नहीं है। सफेद पट्टी धुंधली हो गई है। सड़क पर चमकने वाले रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे हैं। सिर्फ यहां बोर्ड लगाकर छोड़ दिया गया है।

केस-3

शंकरपुर चेक पोस्ट के पास चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट पर कोई व्यवस्था नहीं है। सड़क किनारे लगने वाले लाल रंग में चमकने वाले रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे हैं। इतना ही नहीं, रात के समय यहां अंधेरा रहता है। इससे समस्या होती है। हादसे भी अधिक होते हैं।

केस-4

बेलइसा ओवरब्रिज के पहले चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर तक नहीं लगा है। सड़क भी उबड़-खाबड़ है। यहां न तो सफेद पट्टी लगी है और न ही रिफ्लेक्टर लगा है। विभाग ने दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र का बोर्ड लगाकर अपना कोरम पूरा कर लिया है।

केस-5

कप्तानगंज के देऊरपुर के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सिर्फ सफेद पट्टी ही नजर आ रही थी, वह भी धुंधली पड़ गई है। वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप और स्पीड ब्रेकर तथा निर्धारित गति सीमा के संकेतक बोर्ड तक नहीं लगे हैं।

केस-6

कप्तानगंज के रानीपुर के पास ब्लैक स्पॉट पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक सिग्नल और जेब्रा क्रॉसिंग तक नहीं बने हैं। सीसीटीवी कैमरे और निगरानी व्यवस्था भी नजर नहीं आ रही थी। रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड तक नहीं लगे थे।

केस-7

बरदह के जीवली में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर कोई व्यवस्था नहीं है। रंबल स्ट्रिप, कैट आई और रिफ्लेक्टर तक नहीं लगाए गए हैं। इस मार्ग पर न पर्याप्त लाइटिंग है, न सीसीटीवी और न ही गति नियंत्रण के इंतजाम हैं।

केस-8

निजामाबाद के वनगांव में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर उजाले तक की व्यवस्था नहीं है। चेतावनी बोर्ड के भरोसे हादसे रोकने की कोशिश की जा रही है। रात के समय सड़क पर अंधेरा छा जाता है। इस सड़क पर रिफ्लेक्टर तक नहीं लगा है। इससे सड़क की पटरियों का पता तक नहीं चलता है।

—लोग बोले

ब्लैक स्पॉट घोषित करने का मकसद हादसों को रोकना है, लेकिन इन स्थानों पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम ही नहीं किए गए हैं। सिर्फ चेतावनी बोर्ड लगाने से वाहन चालकों की रफ्तार कम नहीं होगी। सड़क पर रंबल स्ट्रिप, गति सीमा के संकेतक और रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रशासन को हादसा होने के बाद नहीं, बल्कि पहले ही बचाव के इंतजाम करने चाहिए। – आनंद।

सर्दी में कोहरा पड़ने पर इन सड़कों पर चलना और खतरनाक हो जाता है। कई जगह मोड़ और सड़क की स्थिति दूर से दिखाई नहीं देती। ब्लैक स्पॉट पर कैट आई, रिफ्लेक्टर, सड़क पर सफेद-पीली पट्टियां और गति नियंत्रण के इंतजाम नहीं हैं। जिम्मेदार विभागों को केवल बैठकें करने के बजाय मौके पर काम कराना चाहिए, ताकि लोगों की जान बच सके।- मुकेश।

—-वर्जन

ब्लैक स्पॉट को ठीक करने के लिए बराबर काम होता है। अंबेडकर नगर में अवैध कट जहां-जहां बने थे, वहां मेटल लगा दिया गया है। उसी तरह आजमगढ़ में भी एक स्थायी निदान करने के लिए रोड सेफ्टी मद में प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने की संभावना है। बजट मिलने के बाद अन्य सुविधाओं को वहां विकसित कर ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त कराया जाएगा।- पीयूष अग्रवाल, परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकरण, आजमगढ़।

जनपद में चिह्नित सभी ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क चिह्नांकन और प्रकाश व्यवस्था जैसे उपाय प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने हैं। जिन स्थानों पर कमियां हैं, उन्हें चिह्नित कर दूर कराया जाएगा। संबंधित विभागों से कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।- पंकज कुमार श्रीवास्तव, एसपी यातायात।

————

ट्रक से कुचलकर हुई थी स्कूटी सवार युवक की मौत

बरदह। जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के देवाकलपुर (ककोरी) गांव निवासी सियाराम यादव का 26 वर्षीय पुत्र अभिषेक यादव 17 नवंबर की रात करीब आठ बजे स्कूटी से अपने ननिहाल सखईला जा रहा था। इसी दौरान जीवली गांव के पास बरदह मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

—

ऑटो और एंबुलेंस की टक्कर में दो लोगों की हुई थी मौत

बरदह थाना क्षेत्र के देवगांव-जिवली के पास जून 2026 में गौराबादशाहपुर से देवगांव की ओर जा रहा सवारी टैंपो और देवगांव से जौनपुर जा रही एक प्राइवेट मारुति एंबुलेंस के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में टैंपो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सक ने इलाज के दौरान 50 वर्षीय सुनीता मिश्रा निवासी ग्राम गोडहरा बरदह और 24 वर्षीय अंगद निवासी ग्राम कुड़ियर बरदह को मृत घोषित कर दिया था।

कप्तानगंज के रानीपुर के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के इंतजाम नदारद। संवाद

कप्तानगंज के रानीपुर के पास चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के इंतजाम नदारद। संवाद



Source link