मेंहनगर थाना क्षेत्र के रायपुर काजी मलिक गांव में मंगलवार को दीपा (34) का शव घर से करीब 200 मीटर दूर पोखरी में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी दीपा पुत्री स्व. जगदीश राम की शादी नहीं हुई थी। वह मायके में ही रहती थी। मंगलवार को वह अपनी मां के साथ खेत में फसल काटने गई थी। मां खेत में काम कर रही थी, जबकि दीपा घर जाने के लिए वहां से निकल गई।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने घर से करीब 200 मीटर दूर पोखरी में उसका शव उतराया देखा। दीपा तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मेंहनगर थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिली तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
