रौनापार थाना क्षेत्र के बैजाबारी गांव में करीब सौ वर्ष पुराने श्री राधा-कृष्ण मंदिर और बालदाऊ जी मंदिर की बाउंड्रीवाॅल तोड़कर जमीन पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। मंदिर प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सात नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बैजाबारी निवासी अधिवक्ता राकेश कुमार श्रीवास्तव मंदिर के प्रबंधक हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए पक्की बाउंड्रीवाॅल बनी हुई थी। आरोप है कि 15 नवंबर को सुबह करीब 8.30 बजे विपक्षियों ने बाउंड्रीवाॅल तोड़कर मंदिर परिसर में जबरन प्रवेश किया और जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस संबंध में उसी दिन थाने में शिकायत भी दी गई थी। इसके बाद 22 नवंबर को मंदिर की बची हुई बाउंड्रीवाॅल भी तोड़ दी गई। विरोध करने पर पत्थरबाजी की गई। आरोप है कि 26 नवंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे मंदिर की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाॅल का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में बाधा डालने लगे। आरोप है कि हरिलाल चौहान, उनके पुत्रों और परिवार के अन्य सदस्यों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान ईंट-पत्थर से हमला किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। मंदिर प्रबंधक ने पुलिस से मंदिर की संपत्ति और भूमि की सुरक्षा के साथ परिवार को संरक्षण देने की मांग की है। रौनापार पुलिस ने मनीषा, झिनकी, बछिया, हरिलाल, रामप्रवेश, रामप्रीत और अनुराधा समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुमित सिंह को सौंपी गई है। रौनापार थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
