मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव राजभर बस्ती में रविवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से स्टंट करते हुए आ रहे दो नाबालिगों ने सामने से जा रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में तीनों को सीएचसी घोसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।


घोसी नगर के बड़ागांव अमजदी रोड निवासी मुहम्मद अरशद रजा (43) रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से निजी कार्य से चीनी मिल जा रहे थे। तभी सामने से घोसी कोतवाली क्षेत्र के अतरसावां गांव निवासी दो नाबालिग बाइक से स्टंट करते हुए आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों किशोर बाइक को लहराते हुए चला रहे थे। अचानक नियंत्रण बिगड़ा और उनकी बाइक अरशद रजा की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर दूर तक गिर गए। तीनों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी घोसी में भर्ती कराया। सीएचसी में चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बाबत सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायलों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link