Azamgarh News: आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और आजमगढ़ के प्रभारी अनिल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी वादे पूरे नहीं करती है। चुनावी घोषणा पत्र के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। सपा का घोषणा पत्र पूरी तरह से हास्यास्पद है। शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र और पांच साल में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया गया है, लेकिन इसके लिए संसाधन कहां से जुटाएंगे, इसका कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है। अनिल राजभर ने कहा कि वर्ष 2007 से 2012 तक सपा ने प्रदेश में सरकार चलाई थी और 2012 के चुनाव में भी नौजवानों से इसी तरह के वादे किए गए थे।

उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव की पांच साल की सरकार में महज 1.38 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि भाजपा सरकार के पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि सपा के पास सरकार बनाने की संभावना नहीं है, इसलिए पार्टी कुछ भी वादे कर रही है। सपा ने पिछले चुनावी घोषणा पत्रों में किए गए वादों में से 25 प्रतिशत भी पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि सपा को पहले देश से माफी मांगनी चाहिए। हर जिले के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने के सपा के प्रस्ताव पर अनिल राजभर ने कहा कि जनता को सपा की किसी भी बात पर भरोसा नहीं है। उन्होंने भाजपा के लोक संकल्प पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि पार्टी ने 95 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे कर दिए हैं। शेष चार-पांच प्रतिशत वादे भी अगले एक महीने में पूरे कर लिए जाएंगे।सूची से न छूटे एक भी मतदाता : प्रभारी मंत्री : शहर के बागेश्वर नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने विधानसभा चुनाव के सम्बन्ध मे पदाधिकारियों से संवाद किया। पदाधिकारियों ने विधानसभा वार जनसमस्याओ से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ की जनता की हर समस्या का समाधान करने के लिए संकल्पित है। इस अवसर पर विनोद राजभर अखिलेश मिश्रा गुड्डू, हरेंद्र सिंह, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ऋषिकांत राय, संगीता आजाद, हनुमंत सिंह, पवन सिंह मुन्ना हरीश तिवारी, विवेक निषाद जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।



Source link