बदायूं: हरियाणा के हिसार कैंट में टैंक पलटने से सेना के जवान बदायूं निवासी अंकुश पटेल की मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके गांव आमगांव पहुंचा. आपको बता दें कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव आमगांव निवासी भारतीय सेना के जवान अंकुश पटेल की हरियाणा के हिसार कैंट में टैंक पलटने से मौत हो गई थी. शनिवार को आतंकवाद निरोधी दस्ते की रिहर्सल के दौरान हुए इस हादसे में वह टैंक के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. साथ मौजूद सेना के जवानों ने उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

हरियाणा से उनका पार्थिव शरीर बदायूं स्थित उनके गांव आमगांव पहुंचा, जहां के वह रहने वाले थे. जुलूस की शक्ल में आए अंकुश पटेल की अंतिम शव यात्रा में हजारों लोग पहुंचे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. पुलिस द्वारा गॉड ऑफ ऑनर भी दिया गया. इस दौरान जनपद के तमाम बड़े नेता और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.

हरियाणा के हिसार में हुई थी तैनाती
अंकुश पटेल साल 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे. करीब एक वर्ष पहले उनकी तैनाती हरियाणा के हिसार कैंट में हुई थी. शनिवार को वह सेना के अन्य जवानों के साथ टैंक से आतंकवाद निरोधी दस्ते की रिहर्सल के लिए जा रहे थे. इसी दौरान अभ्यास के समय टैंक पलट गया और अंकुश उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए. सेना के जवानों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. अंकुश दो महीने पहले ही छुट्टी पर घर आए थे.

पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि उन्होंने तीन दिन बाद मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी. परिवार को उनके आने का इंतजार था, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत की खबर आ गई. पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है. अंकुश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. अंकुश के पिता आदेश कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं. परिवार के संतोष पटेल पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त दरोगा हैं, जबकि चाचा धर्मेंद्र उर्फ बबलू भी सेना से सेवानिवृत्त हैं. इस तरह परिवार का सेना और पुलिस से पुराना जुड़ाव रहा है.



Source link