बागपत। यहां एलाइजा जांच कराने पर दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इससे पहले पांच डेंगू व दो मलेरिया के केस मिल चुके हैं। वहीं जिले में जांच के दौरान 130 घरों में लार्वा मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी मरीजों के घरों के आसपास दवाई का छिड़काव कराने का दावा कर रही हैं, जबकि लोगों ने दवा का कोई छिड़काव नहीं होने की बात कही है।

यहां लोग वायरल बुखार के साथ अब डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। जिले में डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं, जो पाली व खेकड़ा के रहने वाले हैं। डेंगू व मलेरिया के मरीज मिलने के बाद जब घरों में जांच के लिए अभियान चलाया गया तो वहां 130 घरों में लार्वा मिला, जिसको नष्ट कराया गया। साथ ही लोगों को डेंगू से बचाव जागरूक किया गया।

वहीं पांच मरीजों में डेंगू व दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है, जो बागपत के कोर्ट रोड के साथ ही शबगा व छपरौली में पांच केस मिले और मलेरिया के नंगला बहलोलपुर व खेकड़ा में एक-एक मरीज मिले थे। दो मरीजों का उपचार सरकारी अस्पताल में करने के बाद घर भेज दिया गया। एक मरीज का मेरठ तो दूसरे का बागपत के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। पांच डेंगू व दो मलेरिया के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

गांवों में दवा के छिड़काव की तरफ नहीं दिया ध्यान

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे साल तो गांवों में दवा का छिड़काव कराने की तरफ ध्यान नहीं दिया। जब गांवों व शहरों में डेंगू व मलेरिया के केस मिलने लगे तो उन्हें दवा का छिड़काव करने की याद आने लगी है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गांवों मेें मच्छर पनपने से वह डेंगू व मलेरिया की चपेट में आ रहा है। लहचौड़ा गांव के शिवदत्त शर्मा ने बताया कि दो माह पहले दवाई छिड़काव करने के लिए शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक भी दवाई का छिड़काव नहीं किया गया है। इससे बीमारी फैल रही है। वहीं पाली के सोनू चौहान ने बताया कि दवाई का छिड़काव नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।

डेंगू के लक्षण

– अचानक तेज सिर दर्द और तेज बुखार आना

– मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना

– आंखों के पीछे दर्द होना और आंख घुमाने पर दर्द बढ़ना

– जी मिचलाना और उल्टी आना

– नाक, मुंह या मसूड़ों से खून आना

– त्वचा पर चकते उभरना

—

ऐसे करें बचाव

– कूलर, पानी की टंकी और फ्रिज की ट्रे की नियमित सफाई करें

– फूलदान, गमले को सप्ताह में एक दिन धूप में सुखाकर रखें

– नारियल का खोल, बर्तन और खाली टायर में पानी इकट्ठा न होने दें

– दरवाजे और खिड़की में जाली या पर्दे लगाएं

– पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें

– परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें

—

वर्जन

– जिले में अब तक डेंगू के सात मरीज मिले हैं तो दो लोगों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। विभाग की ओर से बीमारी से बचाव के लिए गांवों और नगरीय क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

-सावित्री, जिला मलेरिया अधिकारी



Source link