Bahraich News: आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को सतर्क रखने के उद्देश्य से रविवार की शाम छह बजे पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एसएसबी, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड और अन्य संबंधित विभागों की तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल के दौरान शाम छह बजते ही अचानक ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न कर दी गई। चारों तरफ घना अंधेरा छा गया और सन्नाटे के बीच फायर सर्विस के सायरन गूंजने लगे। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में अचानक हमले जैसी आपात स्थिति का सजीव दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान एंबुलेंस के जरिए घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, विभिन्न स्थानों पर लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां सक्रिय हो गईं।

पुलिस बल ने सुरक्षा मोर्चा संभालते हुए गश्त, निगरानी, सूचना के आदान-प्रदान और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। अभ्यास के माध्यम से आपदा और संकट की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया गया।

मॉक ड्रिल को सफल बनाने में एसएसबी के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्रों और स्थानीय आपदा प्रबंधन टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



Source link