नरहीं। पांच ऋषियों के आश्रम, पांच दिनों की परिक्रमा और पांच तरह के प्रसाद की अनूठी धार्मिक परंपरा से जुड़ा बक्सर का प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा मेला 29 नवंबर से शुरू होगा। इसका समापन तीन दिसंबर को चरित्रवन में लिट्टी-चोखा का प्रसाद ग्रहण करने के साथ होगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर गड़हांचल के श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है और तैयारियां शुरू हो गई हैं।

पिपरा कलां गांव निवासी पंडित अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि धार्मिक परंपरा के अनुसार पंचकोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु पांच दिनों में पांच पौराणिक और धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। इस वर्ष 29 नवंबर रविवार को रामरेखा घाट पर गंगा आरती के बाद श्रद्धालु गंगाजल लेकर पहले पड़ाव के रूप में अहिरौली स्थित अहिल्या मंदिर पहुंचेंगे, जहां दर्शन-पूजन के बाद विश्राम और प्रसाद ग्रहण किया जाएगा।

पंडित अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि 30 नवंबर को परिक्रमा का दूसरा पड़ाव नदांव स्थित नारद आश्रम होगा, जबकि एक दिसंबर को श्रद्धालु भभुआ स्थित भागेश्वर मंदिर पहुंचेंगे।

इसके बाद दो दिसंबर को अगला पड़ाव पार करते हुए परिक्रमा बड़का नुआव स्थित उद्यालक आश्रम पहुंचेगी। अंतिम दिन तीन दिसंबर गुरुवार को लाखों श्रद्धालु बक्सर के चरित्रवन में जुटेंगे, जहां परंपरागत तरीके से लिट्टी-चोखा तैयार कर प्रसाद के रूप में ग्रहण करने के साथ पांच दिवसीय परिक्रमा का समापन होगा।

मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने भी पंचकोसी परिक्रमा के अंतिम दिन चरित्रवन में बाटी-चोखा ग्रहण किया था।

इसी परंपरा के निर्वहन के लिए हर साल देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बक्सर पहुंचते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है।



Source link

अभी अभी की खबरें