बलिया। जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को चिलकहर क्षेत्र के संवरा-रामनगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर दो निजी आई केयर अस्पतालों को सील कर दिया। एसीएमओ डॉ. आरके चौधरी और एसीएमओ डॉ. मंजू रानी के नेतृत्व में टीम ने आकांक्षा आई केयर और शिवम मेडिकेयर की जांच की। इस दौरान अस्पतालों के कर्मचारी संचालन और पंजीकरण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके।
विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, अस्पतालों और जांच केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया।
कई संचालक अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि चिलकहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के संवरा-रामनगर में संचालित आकांक्षा आई केयर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान वहां मौजूद कर्मचारी अस्पताल से संबंधित कोई भी पत्रावली प्रस्तुत नहीं कर सका। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
टीम ने संवरा में संचालित दूसरे निजी अस्पताल शिवम मेडिकेयर की भी जांच की। वहां केवल एक महिला कर्मचारी मौजूद मिली। अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के संबंध में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। टीम ने पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह भी उपलब्ध नहीं करा सकी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस अस्पताल को भी सील कर दिया।
