{“_id”:”6b071df8f32b0c833d040f37″,”slug”:”youth-killed-three-injured-in-collision-between-motorcycles-balrampur-news-c-99-1-slko1029-158330-2026-11-25″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Balrampur News: बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

पुजारी चौहान ।-फाइल फोटो
रेहराबाजार। मनकापुर-रेहराबाजार मार्ग पर इटवा बनघुसरा जंगल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी रेहराबाजार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के बौरिहा निवासी पुजारी चौहान (26) अपने गांव के कंथू के साथ बाइक से रेहराबाजार क्षेत्र के बैरिया सुर्जनपुर गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बस्ती जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के रिधौरा निवासी अरविंद सिंह (55) और आदर्श सिंह (25) सवार थे।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित ने बताया कि हादसे में पुजारी चौहान की मौत हो गई। अरविंद और आदर्श को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कंथू को भी चोटें आई हैं। सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरविंद ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पुजारी बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
रेहराबाजार। छह साल का रामजी और तीन साल की मोहिनी अभी ठीक से दुनिया को समझ भी नहीं पाए हैं। उनके लिए पिता पुजारी चौहान ही सुरक्षा, दुलार और खुशियों का संसार थे। मंगलवार देर रात हुए हादसे ने इस संसार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। अब दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी बसंता के सामने दो छोटे बच्चों की परवरिश की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। पुजारी चौहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।
