बरात आने के एक दिन पहले युवक युवती को ले गया। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। युवती का पिता दो माह से विवाह की तैयारियां कर रहा था। शहनाई की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, रस्मो का दौर चल रहा था, जिसमे एक दम से विराम लग गया। पीड़ित पिता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पुत्री की बरामदगी की मांग की है।
पीड़ित पुत्री के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी 2 मई की रात करीब 10 बजे घर से बाहर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर युवती को ले गया। पीड़ित पिता ने बताया कि घर में रखे करीब 85 हजार रुपये नकद, जेवरात और अन्य कीमती सामान भी नहीं हैं, जो अपने साथ ले गई। वहीं, युवती की शादी तय हो चुकी थी और रविवार को उसकी बरात आनी थी। शादी मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर के बघारी गांव में तय हुई थी। कोतवाली क्षेत्र के गांव में बारात आने की पूरी तैयारी हो चुकी थी।
