बांदा। देवोत्थान एकादशी का पर्व शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाया गया। घरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर गन्ना, सिंघाड़ा और मौसमी फलों का भोग लगाया गया।
मान्यता के अनुसार चार महीने की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। कई घरों में तुलसी विवाह भी कराया गया।
शुक्रवार को बाजार में भी चहल-पहल रही। पूजा और भोग के लिए लोगों ने गन्ने, सिंघाड़े और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की। बाजार में गन्ना 20 से 30 रुपये प्रति नग और सिंघाड़ा 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिका।
देवोत्थान एकादशी के साथ ही सहालग का सिलसिला शुरू हो रहा है। शनिवार यानी 21 नवंबर को पहला विवाह मुहूर्त है। जिलेभर में 400 से अधिक परिवारों में शादियों की तैयारी है। अकेले शहर में ही 100 से अधिक विवाह समारोह होने का अनुमान है।
इसके चलते मैरिज लॉन, होटल, बैंड-बाजा और कैटरिंग कारोबारियों के यहां तैयारियां तेज हैं। शहर में शनिवार से शुरू हो रही बड़ी सहालग के साथ यातायात व्यवस्था संभालना भी चुनौती होगा। शहर के कई होटल और मैरिज होम में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में शादी समारोहों में आने वाले वाहन सड़कों के किनारे खड़े होते हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है।
—-
देवउठनी मेले में दिवारी नृत्य ने मोहा
तिंदवारी। देवउठनी एकादशी पर गांव जसईपुर के पहलवान बाबा आश्रम में शुक्रवार को विशाल मेले का आयोजन हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप पर दिवारी नृत्य की प्रस्तुतियों ने मेले में पहुंचे ग्रामीणों का मन मोह लिया। बच्चों ने भी दिवारी नृत्य में हुनर दिखाकर खूब तालियां बटोरीं।
मेले में सजी दुकानों पर गन्ना और सिंघाड़ा खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रही। निर्भय सिंह यादव ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर मेले का आयोजन पूर्वजों के समय से होता आ रहा है। मेले में धनीराम यादव, वरुण यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), लखन यादव, राजू यादव, कन्हैयालाल, ज्ञान सिंह (पूर्व प्रधान) आदि मौजूद रहे।

फोटो-10- दिवारी नृत्य कला का प्रदर्शन करते कलाकार। संवाद
