{“_id”:”6b0084eb5d682ece0e0f8e39″,”slug”:”roadways-bus-collides-with-motorcycle-farmer-dies-banda-news-c-212-1-sknp1006-154954-2026-11-20″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Banda News: रोडवेज बस बाइक से टकराई, किसान की मौत”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो-15- मृतक संतराम द्विवेदी। फाइल फोटो
– फोटो : 1
बांदा। बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे किसान की बाइक में रोडवेज बस पीछे से टकरा गई। हादसे में किसान की मौत हो गई। बेटी की शादी से पहले पिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी संतराम द्विवेदी (50) खेती-किसानी करते थे। उनकी बेटी रुचि की शादी 11 दिसंबर को तय है। संतराम के साढ़ू सुरेश त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह बाइक से रिश्तेदारों को शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे।
नरैनी क्षेत्र के पनगरा गांव में कार्ड देने के बाद गिरवां होते हुए घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे गिरवां थाना क्षेत्र के महुवा मोड़ के पास पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेश ने बताया कि संतराम के पास करीब 12 बीघा कृषि भूमि थी। परिवार में पत्नी मालती, तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पत्नी मालती और बेटी रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है। गिरवां थानाध्यक्ष संदीप सिंह पटेल ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से किसान की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
