पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शनिवार (21 नवंबर) सुबह करीब साढ़े छह बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावां गांव के पास हुई। बाराबंकी की पुलिस अधीक्षक (SP) रवीना त्यागी ने घटना का विवरण दिया और बताया कि एक तेज रफ्तार शववाहिनी एंबुलेंस ने एक्सप्रेसवे पर खड़े एक पिकअप वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस ने पीछे से पिकअप वाहन में टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया।
