फतेहपुर। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निवेश प्रस्तावों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2026-27 में शासन ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के तहत दो हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसके सापेक्ष जिला उद्योग केंद्र को अब तक 38 निवेशकों से करीब 1800 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिल चुके हैं। प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से जिले में 38 नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने की संभावना है। इससे करीब 2500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे से जुड़े सौंरा और चौडगरा औद्योगिक क्षेत्र निवेशकों की पहली पसंद बन रहे हैं। बेहतर सड़क संपर्क और औद्योगिक गतिविधियों के अनुकूल माहौल के चलते उद्यमी इन क्षेत्रों में निवेश के लिए जमीन तलाश रहे हैं।
यहां राइस मिल, लोहा उद्योग, कपड़ा उद्योग समेत अन्य सहायक इकाइयां स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा स्कूल, होटल और रेस्टोरेंट से जुड़े निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए हैं। नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में आने वाली शुरुआती बाधाओं को दूर करने के लिए विभागीय स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उद्यमियों को जमीन उपलब्ध कराने के साथ बिजली कनेक्शन, पानी और अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) जैसी जरूरी सुविधाएं दिलाने में सहयोग किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही निवेशक निर्माण कार्य शुरू कर सकें।
जिला उद्योग कार्यालय के अनुसार, दो हजार करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए अभी करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव और जुटाने हैं। इसके लिए विभागीय टीम नए निवेशकों से संपर्क कर रही है। पहले से प्रस्ताव देने वाले उद्यमियों को भी जल्द जमीन पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता
उद्योग उपायुक्त अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक निवेशक जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आएं। शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभागीय टीम लगातार काम कर रही है।
