Barabanki News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बाराबंकी जिले में आभूषण कारोबारी से लूट की कोशिश के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया बदमाश आशीष दूबे उर्फ विशाल दूबे कुख्यात अपराधी राहुल दीक्षित के गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। एसटीएफ ने आरोपी को 22 नवंबर 2026 को सुबह करीब साढ़े दस बजे रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के कोटवा मार्ग स्थित सहादतगंज पुल के पास से धर दबोचा, जिसके कब्जे से मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद हुए हैं।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाल विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम जिले में सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामसनेहीघाट थाने में दर्ज लूट के प्रयास के मुकदमे में वांछित आशीष दूबे उर्फ विशाल दूबे सहादतपुर पुल के समीप मौजूद है, जिसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2025 में उसकी राहुल दीक्षित से पहचान हुई थी, जो दिसंबर 2025 में एक पुराने लूट के मामले में जेल चला गया था। जुलाई 2026 में जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच फोन पर संपर्क बना रहा। आरोपी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को राहुल दीक्षित ने कॉल कर उसे गुडंबा थाने के पास बुलाया और व्हाट्सएप पर लोकेशन भेजी। वहां उसकी मुलाकात राहुल दीक्षित व सौरभ वर्मा से हुई, जहां राहुल ने बताया कि सौरभ के पास एक काम है जिसमें गाड़ी चलानी होगी और अन्य साथी भी साथ रहेंगे।


संबंधित खबरें

नाकाम हुई थी लूट की वारदात

आरोपी ने बताया कि अगले दिन 28 अक्टूबर को वह अपनी बाइक से चिनहट के मटियारी चौराहा पहुंचा, जहां राहुल दीक्षित, सौरभ वर्मा, आयुष पांडेय, कृष सिंह और अभिषेक सिंह मिले। इसके बाद सभी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सुरजवापुर मोड़ पर एकत्र हुए और बलेनो कार से सर्राफा दुकान की रेकी की। शाम लगभग 6:20 बजे आशीष दूबे, आयुष पांडेय, कृष सिंह और अभिषेक सिंह ने मिलकर मोहम्मदपुर कीरत से सिद्धौर मार्ग पर ज्वेलर्स से लूट का प्रयास किया, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। लोगों से घिरते देख आयुष पांडेय ने पिस्टल से हवाई फायरिंग की और सभी मौके से फरार हो गए।

बाद में कृष सिंह व आयुष पांडेय के पकड़े जाने तथा पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद राहुल दीक्षित व सौरभ वर्मा की गिरफ्तारी की खबर मिलने पर आरोपी पुलिस से बचने के लिए कानपुर, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी में ठिकाने बदलता रहा। एसटीएफ ने आरोपी को रामसनेहीघाट थाने में दर्ज संबंधित धाराओं के मुकदमे में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है।

Also Read: नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद आरजेडी समर्थकों ने मचाया उत्पात, पीएम मोदी के पोस्टर फाड़ने का वीडियो वायरल



Source link

अभी अभी की खबरें