सीतापुर। जिले की सातों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कहीं नौ माह से विधवा पेंशन की तीन किस्तें न मिलने की परेशानी दिखी तो कहीं कोर्ट के आदेश के बावजूद जमीन की मेड़बंदी न कराए जाने की शिकायत दर्ज हुई। बिजली कनेक्शन की क्षमता बढ़ाने में विभागीय लापरवाही और गलत बिलिंग का मामला भी अधिकारियों के सामने पहुंचा। समाधान दिवस में कुल 437 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 60 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
सिधौली में डीएम प्रथमेश कुमार के समक्ष पहुंचे फरियादियों ने अपनी परेशानी बताई। दीक्षितपुरवा थाना कमलापुर निवासी शिवसागर मिश्र ने बताया कि दो वर्ष से अधिक आयु के लोगों के जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पिछले दो माह से जारी नहीं हो रहे हैं, जिससे काफी परेशानी हो रही है। पांडेयरामपुर निवासी सावित्री देवी ने शिकायत की कि कई वर्षों से ग्राम पंचायत की जमीन पर कूड़े का घूरा डाला जा रहा है, लेकिन अब विपक्षी यूकेलिप्टिस के पेड़ लगाकर जबरन कब्जा कर रहे हैं। दुर्गापुर निवासी चंद्रपाल ने बताया कि चकमार्ग की पैमाइश होने के बावजूद पटान न होने से कब्जा नहीं हट सका है। हिण्डौरा निवासी नीलकंठ ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने चोरी से उसके दो पेड़ काट लिए। थाना संदना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इस प्रकार यहां कुल 161 शिकायतें आईं जिनमें 18 का निस्तारण किया गया।
लहरपुर तहसील में ग्राम सैदीपुर मजरा डिंगुरापुर निवासी मोलही ने बताया कि उन्हें पिछले नौ माह से विधवा पेंशन की तीन किस्तें नहीं मिली हैं। आरोप है कि कार्यालय का बाबू बजट आने पर पेंशन मिलने की बात कहकर उन्हें लौटा देता है। उन्होंने दोबारा प्रार्थना पत्र देकर पेंशन दिलाने की मांग की। महोली तहसील में बेलहरा निवासी पूनम देवी ने बताया कि सेरूकहा गांव में उनकी भूमि गाटा संख्या 687 व 761 के बंटवारे का वाद एसडीएम न्यायालय में धारा 116 के तहत दायर था। मई में कुर्रा पुष्टि का आदेश होने के बावजूद अब तक मौके पर विभाजन और मेड़बंदी नहीं कराई गई। नेरी निवासी सूरज कुमार मिश्रा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि उनकी मां कुसुम मिश्रा के नाम एक किलोवाट का कनेक्शन था। दो किलोवाट कराने के आवेदन पर विभाग ने बिना सूचना दिए चार किलोवाट कर दिया।