Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आए छह साल के मासूम की ई-रिक्शा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह किला पुल के पास कृष्णा पैलेस के बाहर तेज रफ्तार सफेद ई-रिक्शा ने सड़क किनारे खड़े बच्चे को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
माता-पिता के साथ पैलेस से बाहर निकला था दक्ष
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी गौतम गोस्वामी अपनी पत्नी सुमन और छह वर्षीय बेटे दक्ष के साथ मंगलवार देर रात बरेली पहुंचे थे। परिवार गौतम के चचेरे भाई रामचंद्र की शादी में शामिल होने आया था। बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दक्ष को शौच जाना था। इस पर माता-पिता उसे लेकर कृष्णा पैलेस से बाहर निकले। दक्ष अपनी मां सुमन के साथ सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे सफेद ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी।
ई-रिक्शा से दो बार कुचले जाने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा मासूम को दो बार कुचलते हुए आगे निकल गई। गंभीर चोट लगने के कारण दक्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बेटे को लहूलुहान हालत में देखकर मां सुमन बदहवास हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदार और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे ई-रिक्शा चालक को गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने शादी वाले परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।
