बरेली। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन करने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आईटी क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की पहल हुई है। नोएडा में स्मार्टफोन का निर्माण हो रहा है और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए एचसीएल के साथ काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में बरेली में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना की गई है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने परिसर में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, डाॅ. डीसी वर्मा, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत की प्रशासक रश्मि पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, अरविंद कुमार, वंदना श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार, प्रवीण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
पार्षदों व मंडल अध्यक्ष को न बुलाए जाने पर भड़के मंत्री
सीबीगंज। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदों व मंडल अध्यक्ष को न बुलाए जाने पर राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने नाराजगी जताई। कहा कि जहां हमारे कार्यकर्ता नहीं हैं, वहां हम नहीं जाते हैं। इसके बाद आनन-फानन कुछ पार्षदों को कॉल करके बुलाया गया।
