बस्ती। संविधान दिवस पर बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे। कार्यक्रम सुबह नौ बजे जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में होगा।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे और उन्हें नागरिकों के मूल कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को विधिक सहायता और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम ने बताया कि विद्यालयों में संचालित विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से ‘संविधान संवाद’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने और उनमें सांविधानिक मूल्यों की समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सभी न्यायिक अधिकारी और पराविधिक स्वयंसेवक भी मौजूद रहेंगे। संवाद
