बस्ती। जिले में डीएपी की किल्लत दूर करने के लिए दो दिनों के भीतर 1025 एमटी की नई खेप पहुंची है। इसमें 600 एमटी डीएपी सहकारिता और निजी क्षेत्र की दुकानों को आवंटित की गई है। हालांकि, पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बीच मुंडेरवा क्षेत्र की सहकारी समितियों पर किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। शनिवार को मनिकौरा सहकारी समिति पर ताला लटका रहा, जबकि गन्ना विकास सहकारी समिति मुंडेरवा पर यूरिया तो उपलब्ध थी, लेकिन डीएपी नहीं मिली। इससे किसानों को बाजार से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने बताया कि कोरोमंडल कंपनी की 600 एमटी और एनएफएल कंपनी की 425 एमटी डीएपी की खेप जिले को मिली है। इसमें से 300 एमटी सहकारिता और 300 एमटी निजी क्षेत्र की दुकानों को आवंटित की गई है। नवंबर माह में 9822 एमटी के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 11320 एमटी डीएपी उपलब्ध हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिले में डीएपी और यूरिया की कोई किल्लत नहीं है। लगातार खाद की खेप पहुंच रही है। जल्द ही समितियों और दुकानों पर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करा दी जाएगी। उन्होंने उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं को प्रतिष्ठानों पर रेट बोर्ड, स्टॉक बोर्ड और लाइसेंस नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दर पर ही खाद की बिक्री करने और प्रत्येक किसान को कैश मेमो उपलब्ध कराने को कहा है। किसान अपनी खतौनी के अनुसार संस्तुत मात्रा में खाद प्राप्त कर सकते हैं।
—
समितियों के चक्कर लगा रहे किसान, मनिकौरा में लटका मिला ताला
मुंडेरवा। जिले में डीएपी की नई खेप पहुंचने के बावजूद मुंडेरवा क्षेत्र के किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है। शनिवार को मनिकौरा सहकारी समिति पर ताला लटका रहा। मनिकौरा, मुंडेरवा और एकमा समेत आसपास की समितियों पर किसान खाद के लिए चक्कर लगाते रहे। गन्ना विकास सहकारी समिति मुंडेरवा पर यूरिया उपलब्ध थी, लेकिन डीएपी नहीं मिलने से किसानों को निराश लौटना पड़ा।
किसानों ने बताया कि सुबह से ही खाद लेने के लिए समितियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में बाजार से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसान मनोज सिंह, मंटू सिंह, विशाल यादव, बलवंत, लवकुश और सौरभ ने बताया कि खेती के साथ शादी-विवाह का भी समय चल रहा है। दो पैसे बचाने के लिए दूसरे काम छोड़कर समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। ऐसे में बाजार से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। मनिकौरा समिति के सचिव रामप्रकाश यादव से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। वहीं, गन्ना विकास सहकारी समिति के सचिव डॉ. रामफल सिंह ने बताया कि समिति पर यूरिया उपलब्ध है। डीएपी के लिए मांग भेजी गई है। एक-दो दिन में खाद पहुंचने की उम्मीद है। संवाद
—
लक्ष्य से 1498 एमटी अधिक पहुंची डीएपी
11,320 एमटी
नवंबर माह में अब तक उपलब्ध डीएपी
विवरण
मात्रा
नवंबर का लक्ष्य
9,822 एमटी
अब तक उपलब्धता
11,320 एमटी
लक्ष्य से अधिक
1,498 एमटी
नई रैक
1,025 एमटी
कोरोमंडल कंपनी
600 एमटी
एनएफएल कंपनी
425 एमटी
नई खेप में से 300 एमटी सहकारिता और 300 एमटी खाद निजी क्षेत्र को आवंटित की गई है।
