बस्ती। विशेष सारांश पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत रविवार को बूथों पर नए अभियान चलाया गया। पहली बार मतदाता बनने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा। शहर से लेकर गांव तक के बूथों पर भीड़ दिखी। टिनिच संवाद के अनुसार, सल्टौआ ब्लॉक के 19 बूथों पर 120 युवाओं ने नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरे। शहरी क्षेत्र में गांधीकला भवन, तुर्कहिया, सक्सेरिया इंटर कॉलेज समेत अन्य बूथों पर भी युवा मतदाताओं से आवेदन लिए गए। बीएलओ ने नए नाम जोड़ने के साथ मतदाता सूची में दर्ज मृतक और अपात्र मतदाताओं का सत्यापन भी किया। सल्टौआ ब्लॉक के पहले छह बूथों पर 60 युवाओं ने आवेदन किया। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 417 पर 10, बूथ संख्या 416 पर 12, बूथ संख्या 418 पर सात, बूथ संख्या 419 पर सात, बूथ संख्या 420 पर आठ और बूथ संख्या 421 पर पांच नए मतदाताओं के फार्म-6 भरवाए। वहीं, बूथ संख्या 422 से 434 तक आमा, पचलोरिया, बेतोहा, साड़ी, सुल्तानपुर, शिवपुर, बेलवाडाड़ और सेवई समेत अन्य गांवों में 60 युवाओं ने आवेदन किया। सुपरवाइजर रामपूजन यादव ने इसकी जानकारी दी। फार्म भरने पहुंचे आनंद, विकास और शुभम ने बताया कि पहली बार मतदाता बनने को लेकर वे उत्साहित हैं। मतदान का अवसर मिलना उनके लिए खास अनुभव होगा। हर्रैया संवाद के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम प्रद्युम्न कुमार ने रविवार को विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय महूघाट, पूर्व माध्यमिक विद्यालय निदूरी और प्राथमिक विद्यालय संग्रामपुर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी। बीएलओ से फार्म-6, 7 और 8 के बारे में जानकारी लेते हुए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मृतक, अपात्र और दोहरी प्रविष्टियों को हटाने के निर्देश दिए। ़कलवारी संवाद के अनुसार, कुदरहा विकासखंड स्थित कंपोजिट विद्यालय चकदहा के बूथ संख्या 323 और 324 पर बीएलओ कुलदीप तथा कंचन ने 13 नए मतदाताओं के आवेदन जमा कराए। इसके साथ ही गांव में पांच मृतक मतदाताओं का सत्यापन भी किया गया। वहीं, कलवारी और बहादुरपुर संवाद के अनुसार, क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए बीएलओ का सहयोग करते नजर आए।




Source link