12,819 students recited the fundamental duties from the Constitution.

राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शपथ दिलाते जनपद न्यायधीश स्रोत सूचना विभाग

बस्ती। संविधान दिवस पर संविधान के प्रति जागरूकता के लिए विद्यालयों में संविधान संवाद के तहत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुल 12,819 विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सस्वर वाचन किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में 2,500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अन्य कार्यक्रम स्थलों पर 10,319 विद्यार्थी शामिल हुए।


मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश शमसुल हक ने कहा कि भारतीय संविधान सभी कानूनों का मूल स्रोत है। भावी पीढ़ी को संविधान में बताए गए मूल कर्तव्यों को आत्मसात कर देश को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो अधिनियम एवं नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने मूल कर्तव्यों का वाचन कराते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जूनियर और माध्यमिक विद्यालयों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नोडल शिक्षक नियुक्त किए गए थे। सभी विद्यालयों में सुबह नौ बजे संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों का सामूहिक वाचन कराया गया। साथ ही कक्षा नौ-दस और 11-12 के विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में संविधान आधारित क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, जेआरएस इंटर कॉलेज, शिव हर्ष किसान इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल कॉलेज समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। एसीसी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक भी शामिल हुए। सचिव ने गरीब और कमजोर वर्गों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निशुल्क कानूनी सलाह और पैरवी की जानकारी भी दी।

वहीं, उच्च न्यायालय के निर्देश पर दोपहर 1:30 बजे दीवानी न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें