बस्ती। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं सर्वोदय इंटर कॉलेज नेवादा के संयुक्त तत्वावधान में 25 नवंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। नेवादा के परिसर में सुबह 10 बजे से मेला शुरू होगा। इसमें 20 से अधिक निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रकांत सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में कक्षा आठ पास, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं पॉलीटेक्निक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। कंपनियों में उपलब्ध पदों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को अलग-अलग वेतनमान पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों का चयन बायोडाटा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए सर्वोदय इंटर कॉलेज नेवादा अथवा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती से संपर्क किया जा सकता है।
