रामपुरा। विकास खंड रामपुरा के ग्राम बेरा में यमुना नदी की बाढ़ और कटान से गांव को सुरक्षित करने के लिए शुक्रवार को विधायक मूलचंद्र निरंजन ने रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। 250 लंबी इस वॉल के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। इस परियोजना में 6.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्रतिवर्ष यमुना नदी में आने वाली बाढ़ से ग्राम बेरा की जमीन का तेजी से कटाव हो रहा था। इससे गांव का क्षेत्रफल लगातार कम होता जा रहा था और कई हिस्सों पर खतरा मंडरा रहा था। क्षेत्रवासियों की मांग पर विधायक ने शासन स्तर पर प्रयास कर यमुना किनारे 250 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल निर्माण की स्वीकृति दिलाई। इस परियोजना की लागत करीब 6 करोड़ 87 लाख रुपये बताई जा रही है।
इससे पूर्व भी ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर के प्रयासों से करीब 18 माह पहले गांव के समीप 150 मीटर लंबी रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया गया था। इसकी लागत लगभग पांच करोड़ रुपये आई थी। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान यमुना का तेज बहाव गांव की जमीन को काटकर अपने साथ बहा ले जाता था। इससे गांव और नदी के बीच की दूरी काफी कम रह गई थी।
विधायक ने कहा कि रिटेनिंग वॉल बनने से गांव को बाढ़ और कटान से राहत मिलेगी तथा किसानों की जमीन सुरक्षित रह सकेगी। भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की बात कही गई।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधायक प्रतिनिधि महेश राजावत, संतोष प्रजापति, भरत भदौरिया, ज्योतिष कुरोति, रामू तिवारी सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
