बिजनौर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 12.75 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने फर्जी जॉइनिंग लेटर देने के बाद नागपुर और पश्चिम बंगाल तक भेजकर नौकरी के नाम पर गुमराह किया। रकम वापस मांगने पर जान से मारने और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर बकली निवासी योगराज सिंह की चक्कर रोड स्थित ज्ञान विहार में जनरल मर्चेंट की दुकान है। आरोप है कि दुकान पर आने वाली पड़ोस की एक महिला ने उनकी पत्नी और बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 12 लाख 75 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने 13 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश हाउसिंग विभाग का फर्जी जॉइनिंग लेटर दिया। इसके बाद 11 जुलाई 2023 को आवास विकास परिषद का दैनिक पास देकर नौकरी का भरोसा दिलाया। योगराज ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने धमकी दी। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर सचिन और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
