बुंदेलखंड विश्वविद्यालय अब एक जुलाई से बीएड की काउंसलिंग शुरू कराने जा रहा है। तीन चरण में होने वाली काउंसलिंग का समय 15-15 दिन का होगा। इसके लिए प्रदेश के सभी विवि से बीएड कॉलेजों की सीटों का ब्योरा एकत्र कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को कुलपति व कुलसचिव संयुक्त रूप से कुल सचिवों को काउंसलिंग से संबंधित दिशा-निर्देश देंगे।
बताते चलें, बीएड की प्रवेश परीक्षा 31 मई को प्रदेश के 72 जिलों में बने 1,011 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। इस परीक्षा के लिए 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए जिनमें से 4,00,506 ने परीक्षा दी। 16 जून को बीयू ने लखनऊ में प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया। चूंकि विगत तीन वर्ष की तुलना में इस बार बीएड में प्रवेश लेने वालों की संख्या ज्यादा है। इसलिए एक जुलाई से बीएड में प्रवेश की काउंसलिंग शुरू होगी। दो जुलाई से कॉलेजों का विकल्प मांगा जाएगा। इसके बाद 15 दिन के लिए पहले चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। इसी तरह से दूसरे व तीसरे चरण के लिए प्रक्रिया चलेगी।
कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया एक जुलाई से बीएड की काउंसलिंग शुरू हो जाएगी। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रदेश के सभी विवि से संबद्ध बीएड कॉलेजों की सीटों का ब्योरा भी मंगा लिया गया है। बृहस्पतिवार को सभी विवि के कुलसचिवों के संग बीएड की काउंसलिंग को लेकर चर्चा होगी और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
30 जून तक परिणाम जारी करने के निर्देश
झांसी। बीएड में प्रवेश की काउंसलिंग एक जुलाई से शुरू होने जा रही है। इसके चलते प्रदेश के सभी विवि को निर्देश दिए गए हैं कि हर हाल में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का परिणाम जारी कर दिया जाए। यदि परिणाम जारी नहीं होता है, तो बीएड की परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राएं शामिल नहीं हो सकेंगे। यह जानकारी कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने दी है।
