बुंदेलखंड विवि ने 31 मई को प्रस्तावित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शुचिता से कराने के लिए 72 जिलों में 1115 परीक्षा केंद्र बनाए है। आवेदनों की संख्या कम होने की वजह से ललितपुर, हमीरपुर व श्रावस्ती परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर हो गए हैं। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की फेस रिकॉग्निएशन ट्रैक व्यवस्था व बायोमैट्रिक उपस्थिति होगी। यह जानकारी विवि के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने दी है।
4,41,030 छात्र-छात्राओं ने भरे हैं फार्म
प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि इस बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए 4,41,030 छात्र-छात्राओं ने फार्म भरे हैं। इसमें एक एक ट्रांसजेंडर, 1,70,903 छात्र और 2,70,126 छात्राएं हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सबसे ज्यादा फार्म बनारस के छात्र-छात्राओं ने भरे हैं, जिसकी संख्या 65 हजार है। परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा होने की वजह से 40 हजार के परीक्षा केंद्र प्रथम इच्छानुसार बनेंगे बाकी के परीक्षा केंद्र द्वितीय से पांचवीं इच्छानुसार बनाए जाएंगे। इसके अलावा गोरखपुर से 30 हजार, बलिया से 26 हजार, प्रयागराज से 26 हजार फार्म भरे गए हैं। उन्होंने बताया परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर लिया है और संबंधित सभी जिलों के अधिकारियों से रिपोर्ट भी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थी को फेस रिकॉग्निएशन ट्रैक व्यवस्था से गुजरना होगा। इसके बाद बायोमैट्रिक हाजिरी दर्ज करनी होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को हॉटलाइन से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि विवि परिसर में बनने वाले हाईटेक कमांड कंट्रोल से व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा सके।
परीक्षा केंद्राें का निरीक्षण करेंगी टीम
कुलपति ने बताया कि परीक्षाएं कराने के लिए प्रदेश के सभी 72 जिलों में विवि प्रशासन की तरफ से टीमें भेजी जाएंगी। यह टीमें एक दिन पहले पहुंचेगी और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ही रिपोर्ट भेजेंगी। परीक्षा कराने के बाद ओएमआर शीट को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में टीमें लेकर आएंगी।
