Chandauli News: शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की शनिवार की देर रात बिहार के कर्मनाशा में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कर्मनाशा स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोसवा गांव निवासी स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह (28) अपने भतीजे स्वर्गीय हनुमान सिंह के पुत्र प्रिंस सिंह (18) के साथ रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआ कलानी गांव निवासी दिनेश सिंह की भतीजी की शादी कुल्हड़ियां स्थित आनंद लॉन में आयोजित थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए दोनों युवक पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि शादी समारोह में शामिल होने के बाद दोनों शनिवार की देर रात बाइक से अपने घर घोसवा लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे बिहार के कर्मनाशा स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंचे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों के शव गांव लेकर आए। घर पर शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

बताया गया कि अभिमन्यु सिंह की शादी हो चुकी थी और उनकी एक पुत्री है, जबकि प्रिंस सिंह अभी अविवाहित था। एक ही परिवार के दो युवकों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जिस परिवार में शादी समारोह से लौटने पर खुशियों और उल्लास का माहौल होना था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। चाचा-भतीजे की एक साथ हुई दर्दनाक मौत से घोसवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।



Source link