Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने मंगलवार को कर्वी विकासखंड के कसहाई ग्राम पंचायत भवन में आयोजित वृहद जनचौपाल एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को बाल विवाह न करने और इसे रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है। इसे रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बाल विवाह करने या कराने पर दो वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि ग्राम बाल संरक्षण समिति की नियमित मासिक बैठकें कराएं। गांव में किसी भी स्थिति में बाल विवाह नहीं होना चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समिति के रजिस्टर उपलब्ध कराते हुए बैठकों का विवरण नियमित दर्ज करने और ग्राम पंचायत को बाल मैत्री बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने भी सभी ग्राम पंचायतों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें बाल विवाह मुक्त बनाने की अपील की।
जनचौपाल में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समाज कल्याण, पंचायत और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष शिविर लगाए गए। अधिकारियों ने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 25 से 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में महिला आयोग की सदस्य ने 26 और 27 नवंबर को इसी पंचायत परिसर में दोबारा सभी विभागों के शिविर लगाने के निर्देश दिए। आवास योजना के लाभार्थियों की सूची पढ़कर उन्हें सूचना देने और पात्रों को आयुष्मान कार्ड वितरित कराने को कहा।
इससे पहले जिला चिकित्सालय में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित कन्या जन्मोत्सव में उन्होंने 11 नवजात बच्चियों को बेबी किट वितरित की। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की प्रथम श्रेणी के तहत पांच हजार रुपये की सहायता के लिए पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षित करने, आगे बढ़ाने और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कहा कि बेटियों को समान अवसर देकर भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उन्होंने जिला कारागार रगौली की महिला बैरक का निरीक्षण किया। यहां महिला बंदियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बंदियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई।
