रक्षाबंधन से पहले बांके बिहारी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि इस दौरान भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वृंदावन में बाहरी वाहनों के प्रवेश रोक लगा दी गई है।

मथुरा। बांकेबिहारी मंदिर के बाहर गली में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
– फोटो : mathura
विस्तार
वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आराध्य के दर्शन पाने के लिए उमस भरी गर्मी में भी श्रद्धालुओं के कदम पीछे नहीं रहे। भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था भी चरमराती दिखी।
धार्मिक नगरी में शनिवार की सुबह भक्तों की संख्या में इजाफा देखा गया। सुबह मंदिर के बांकेबिहारी मंदिर के पट खुलने से पहले ही भक्तों की भीड़ मंदिर के मुख्य मार्गों पर नजर आने लगी। मंदिर के प्रवेश द्वार दो और तीन नंबर गेट पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दिन भर तेज धूप का असर भी भक्तों पर होता नहीं दिखाई दे रहा था।
भीड़ का आलम यह था कि लोग अपने आराध्य की झलक पाने के लिए किसी भी तरह अंदर घुसने को लालायित थे। कुंज गलियों में भीड़ एक-दूसरे के ऊपर चढ़ रही थी। लगातार यह आलम अब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तक चलेगा।
