अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 23 अगस्त से आरंभ होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए तैयारियां आरंभ हो गई हैं। परीक्षा के दौरान गड़बड़ी को रोकने के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे समेत वॉइस रिकॉर्डर लगाए जा रहे हैं। इनकी निगहबानी में ही भर्ती परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों के पास सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम किए जाएंगे।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा 23, 24, 25 एवं 30, 31 अगस्त को दो पालियों में होगी। पिछली दफा पेपर लीक हो जाने से सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। इससे सबक लेते हुए पहले से ही इस दफा चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं। जनपद के कुल 27 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा कराई जाएगी। इन केंद्र में प्रधानाचार्य कक्ष में कमांड कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। यहां सीसीटीवी कैमरे समेत वॉइस रिकॉर्डर के जरिए निगहबानी होगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्र में कक्ष निरीक्षक के तौर पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
इनसेट
इन केंद्रों में कराई जाएगी परीक्षा
कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज प्रेमनगर, सरस्वती इंटर कालेज रायगंज, लहर की देवी, सीपरी बाजार, गुरु नानक खालसा इंटर कालेज, रायगंज, सीपरी बाजार, डीएवी इंटर कालेज, पठौरिया, बाहर दतिया गेट, पं. कृष्ण चंद्र शर्मा कन्या इंटर कालेज, लोकमान्य तिलक इंटर कालेज, सरस्वती पाठशाला इण्डस्ट्रियल लक्ष्मीबाई पार्क के सामने,किश्चियन इंटर कालेज, झोकनबाग, बीएमएल. राजकीय गर्ल्स डिग्री कालेज, कचहरी चौराहा, झोकन बाग, सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कालेज, नियर जिला जज न्यायालय, बिपिन बिहारी इंटर कालेज,खुशीपुरा, शिक्षक इंटर कालेज, पैरामेडिकल के सामने में परीक्षा आयोजित होगी।
इनसेट
परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा
जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं एसएसपी राजेश एस ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने कहा परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र का गंभीरता से परीक्षण के बाद ही कक्ष में उनको प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डर के साथ विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सिटी रामवीर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
