नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को आयोजित सीयूईटी (यूजी) में फिर तकनीकी खामियों ने विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ाई। दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक की पाली में प्रश्नपत्र डाउनलोड होने में 40 मिनट से लेकर करीब एक घंटे तक की देरी हुई। विद्यार्थियों का आरोप है कि इसके बाद भी कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया गया।

आरोप लगाया गया कि शनिवार को तकनीकी दिक्कत आने पर परीक्षा शुरू होने में हुई देरी के बराबर अतिरिक्त समय दिया गया था। मगर रविवार को ऐसा नहीं किया गया। इससे कई लोगों के कई प्रश्न छूट गए। परीक्षार्थी वीरेंद्र ने बताया कि प्रश्नपत्र समय पर डाउनलोड नहीं हुआ और करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे में परीक्षा की तैयारी पर मानसिक दबाव बढ़ गया।

छात्र अंशुल ने बताया कि जब परीक्षा देरी से शुरू हुई थी तो अतिरिक्त समय मिलना चाहिए था। मौसम खराब होने पर दोपहर 3 बजे के करीब आंधी और बारिश से लाइट चली गई, इस कारण भी प्रश्नपत्र डाउनलोड नहीं हो सका। 3:40 बजे के करीब प्रश्नपत्र डाउनलोड हुआ लेकिन 6 बजे ही पेपर ले लिया गया।

प्रश्न आसान, समय पड़ गया कम

सीयूईटी देकर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र को सरल बताया। उन्होंने कहा कि भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित के प्रश्न सीधे स्पष्ट और एनसीईआरटी आधारित थे। बहुत जटिलता नहीं थी। अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित और सीधे पूछे गए थे। यदि प्रभावित समय के बराबर अतिरिक्त समय दिया जाता तो वे कुछ और प्रश्नों का उत्तर दे सकते थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *