Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। असिस्टेंट कमिश्नर राज्य कर की जांच में फर्म निरस्त मिली, लेकिन इसके बावजूद फर्म को 29 लाख का भुगतान किया गया था। समान आपूर्ति के नाम पर गौरी बाजार की फर्म को ग्राम पंचायतों ने भुगतान किया है। वर्ष 2020 में फर्म का पंजीयन निरस्त हो गया, जबकि 2023-24 से लेकर चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 तक 29 लाख का भुगतान किया गया है। शिकायत की जांच को पहुंचे राज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर को मौके पर फर्म और उसके स्वामी नहीं मिले। भुगतान में अनियमितता, जीएसटी चोरी पर जांच अधिकारी फर्म स्वामी को नोटिस जारी किया है। रामपुर कारखाना ब्लाक के करनपुर पचफेड़ा निवासी अलकेन्द्र राव ने राज्य कर विभाग में शिकायत किया कि गौरी बाजार क्षेत्र के मेसर्स श्री कन्ट्रक्शन एण्ड सप्लायर्स पथरहट की फर्म का पंजीयन सालों पहले निरस्त होने के बाद भी ग्राम पंचायतों में निर्माण सामग्री की आपूर्ति के नाम पर लाखों का भुगतान किया गया है।

इस तरह की अनियमित भुगतान कर जीएसटी की चोरी की गयी है। शिकायत की जांच करने 17 नवंबर-26 को सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-2 शैलेन्द्र कुमार फर्म के पते पर पहुंचे। जांच में राज्य कर विभाग में पंजीकृत फर्म का पंजीयन 11 अगस्त-2020 में निरस्त करने का खुलासा हुआ। इसके बाद भी उक्त फर्म को ग्राम पंचायत मदैना ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 334488, वर्ष 2024-25 में 1289538, वर्ष 2025-26 में 632550 तथा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में माह अक्तूबर तक 626726 रूपये का सामानों की आपूर्ति के नाम पर भुगतान किया गया है। उक्त भुगतान पर फर्म द्वारा कोई कर नहीं जमा किया गया है। भुगतान का खुलासा ई ग्राम स्वराज पोर्टल की जांच में हुआ। उक्त चारों वित्तीय वर्षो में फर्म द्वारा बिना पंजीयन भुगतान लेने, कोई कर जमा नहीं करने पर असिस्टेंट कमिश्नर ने केन्द्रीय व उत्तर प्रदेश वस्तु एवं सेवाकर अधिनियम की धारा-74 के तहत नोटिस जारी किया है। शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि नोटिस की समय सीमा के बाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी।



Source link