Deoria News: भटनी, हिंदुस्तान संवाद। मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट न मिलने से नाराज छात्रों ने पूरी रात कालेज में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद कुछ छात्रों को रात में ही टैबलेट वितरित कराया गया, जबकि शेष छात्रों को शनिवार को कालेज बुलाकर टैबलेट दिया गया।
टैबलेट वितरण कार्यक्रम से लौटे छात्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसमें क्षेत्र के एक कालेज के सत्र 2023-24, 2025 और 2026 के करीब दो सौ छात्र टैबलेट लेने पहुंचे थे। इसी बीच मुख्यमंत्री की माता के निधन की सूचना मिलने पर वह कार्यक्रम छोड़कर चले गए। इसके बाद जिम्मेदारों ने कालेजों में ही टैबलेट वितरण कराने की बात कही। इस दौरान पहले से तैयारी कर पहुंचे कुछ कालेजों के छात्रों को मौके पर ही टैबलेट वितरित कर दिया गया, जबकि संबंधित कालेज के छात्रों को शनिवार को कालेज आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।
पुलिस के हस्तक्षेप से हुआ वितरण
इससे नाराज छात्र गोरखपुर से लौटकर शुक्रवार की देर रात कालेज पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाया और हस्तक्षेप कर कुछ छात्रों को रात में ही टैबलेट दिलवाया। शेष छात्रों को शनिवार को कालेज बुलाकर टैबलेट वितरित किया गया। कालेज प्रबंधक कैप्टन जयराम यादव ने बताया कि शासन से सभी पात्र छात्रों के नाम से टैबलेट आए हैं। किसी भी दशा में टैबलेट उसी छात्र को दिया जाएगा, जिसके नाम से उसका आवंटन हुआ है। तीन सत्रों के छात्रों के एक साथ पहुंचने से वितरण में थोड़ी दिक्कत हुई। सोमवार तक सभी छात्रों को टैबलेट वितरित कर दिया जाएगा। सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि टैबलेट नहीं मिलने से कुछ छात्र नाराज हुए थे। शुक्रवार की रात और शनिवार को टैबलेट का वितरण कराया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
✦छात्र कालेज में हंगामा क्यों करने लगे?
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में टैबलेट नहीं मिलने और शनिवार को कालेज आने की बात कहकर वापस भेजे जाने से छात्र नाराज थे।
✦छात्रों को टैबलेट कब वितरित किए गए?
कुछ छात्रों को शुक्रवार की रात टैबलेट दिए गए और शेष छात्रों को शनिवार को कालेज बुलाकर टैबलेट वितरित किए गए।
✦कालेज प्रबंधक ने टैबलेट वितरण के बारे में क्या बताया?
कालेज प्रबंधक ने बताया कि टैबलेट पात्र छात्रों के नाम से आए हैं और सोमवार तक सभी छात्रों को टैबलेट वितरित कर दिया जाएगा।
