तमकुहीराज। क्षेत्र के श्यामपट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को स्वर्गीय रघुनाथ लाल श्रीवास्तव और जराव देवी की स्मृति में नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम तमकुहीराज कुणाल गौरव ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से की गई निजी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक होती है। पूर्वजों की स्मृति में शिक्षा के विकास के लिए किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को गौरवान्वित करते हैं और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायक होते हैं। नए भवन से छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक डॉ. अमरेंद्र श्रीवास्तव ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस दौरान तहसीलदार संदीप सिंह, बीडीओ कर्नल अशोक सिंह, अनूप राय, राजेंद्र श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, श्यामलाल श्रीवास्तव, रामचंद्र उपाध्याय, हदीश खान, राजू पटेल और चंद्रिका प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
