महराजगंज। 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों की गैर संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएचओ और एएनएम दोनों मिलकर स्क्रीनिंग का कार्य करें, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान कर लोगों को उपचार व उचित परामर्श दिया जा सके।


यह निर्देश डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने शनिवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिसवानिया के निरीक्षण के दौरान दिया। डॉ. केपी सिंह शनिवार को केंद्र पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सीएचओ मरीजों को उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह देते मिले। उस समय तक केंद्र पर सात मरीज पहुंच चुके थे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए एनसीडी स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया। कहा कि 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच से मधुमेह, उच्च रक्तचाप समेत अन्य गैर संचारी रोगों की समय रहते पहचान हो सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें।



Source link