{“_id”:”6b02084a308e5be92d0221a0″,”slug”:”respiratory-problems-on-the-rise-due-to-haze-and-pollution-hospitals-see-a-surge-in-patients-basti-news-c-207-1-bst1005-172347-2026-11-22″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Basti News: धुंध और प्रदूषण से बढ़ी सांस की तकलीफ, अस्पताल में मरीजों की भीड़”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में बच्चों को भर्ती करते चिकित्सक डॉ. पीएस पटेल संवाद
– फोटो : samvad
बस्ती। सुबह-शाम छाई धुंध और हवा की बिगड़ती गुणवत्ता लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में अस्थमा, सीओपीडी, ब्रोंकाइटिस और एलर्जी के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
दिवाली से पहले तक सांस संबंधी बीमारियों के 30 से 40 मरीज प्रतिदिन पहुंचते थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 70 तक हो गई है। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं। सर्दी-खांसी और बुखार के बाद निमोनिया से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ने से चिल्ड्रेन वार्ड और पीआईसीयू में दबाव बढ़ गया है। वरिष्ठ चिकित्सक फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा के अनुसार, हवा की गुणवत्ता खराब होने से सांस के मरीजों को अधिक परेशानी हो रही है। धुंध में मौजूद बारीक कण फेफड़ों तक पहुंचकर पहले से बीमार लोगों की तकलीफ बढ़ा रहे हैं।
चेस्ट फिजिशियन डॉ. एएन त्रिगुण ने बताया कि चेस्ट रोग विभाग की ओपीडी में सांस के मरीजों की संख्या करीब 10 प्रतिशत बढ़ी है। पहले जहां प्रतिदिन 40 से 50 मरीज आते थे, अब यह संख्या 60 से 70 तक पहुंच रही है। सांस लेने में परेशानी और खांसी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले गंभीर मरीजों को जांच के बाद भर्ती भी करना पड़ रहा है। उधर, दिन में गर्मी और रात में ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल के अनुसार, बच्चों में बुखार, सर्दी-खांसी के साथ निमोनिया की शिकायतें मिल रही हैं। सांस लेने में तकलीफ होने पर कई बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। शनिवार को चिल्ड्रेन वार्ड में 42 और पीआईसीयू में 10 बच्चे भर्ती थे। इनमें तेज बुखार और दस्त से पीड़ित बच्चे भी शामिल हैं। सुबह के समय दृश्यता कम होने और सूरज निकलने के बाद भी धुंध पूरी तरह नहीं छंटने से लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो रही है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 1097 मरीज पहुंचे। इनमें फिजिशियन, चेस्ट रोग, बाल रोग और नेत्र रोग विभाग में मरीजों की अधिकता रही।
