एटा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए चलाए गए दो दिवसीय विशेष बूथ अभियान का रविवार को समापन हो गया। दोनों दिनों में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9445 नए मतदाताओं ने फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया।

अभियान के अंतिम दिन प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न गांवों के बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही पात्र युवाओं और छूटे हुए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन अजय नारायण सिंह ने बताया कि विधानसभा एटा में 2186, जलेसर में 2612, मारहरा में 2135 और अलीगंज में 2512 नए मतदाताओं ने फार्म-6 भरा है। एडीएम ने बताया कि आगामी 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रपत्र प्राप्त करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।

—

पात्र युवाओं के फाॅर्म-6 भरवाने के दिए निर्देश

अलीगंज। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत तहसीलदार संजय कुमार ने नगला उम्मेद, बिचपुरी, अंगरैया जमुनाई, राया और कैल्ठा के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के आवेदनों की जानकारी लेते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों के फाॅर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। वहीं बीडीओ उमाकांत साहू ने विजैदपुर, अंगदपुर और सासोता दोषपुर के बूथों पर अभियान की प्रगति देखी। उन्होंने पात्र नागरिकों को जागरूक कर छूटे मतदाताओं के आवेदन प्राथमिकता से भरवाने को कहा। अधिकारियों ने लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। संवाद

—

बूथ पर पहुंचे मतदाता

निधौली कलां। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, छूटे हुए नाम दर्ज कराने और संशोधन के लिए शनिवार और रविवार को विशेष बूथ अभियान चलाया गया। निधौली देहात के उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय पर चार, एफएच डिग्री कॉलेज पर तीन और राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पर तीन बूथों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बीएलओ ने काम किया। यहां नए मतदाताओं ने फार्म-6 भरे वहीं मतदाताओं ने संशोधन के लिए भी आवेदन किया। संवाद

—

सकीट में बूथों पर बने 20 नए मतदाता

सकीट। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को नगर के डीएवी इंटर कॉलेज और प्राथमिक विद्यालय सकीट-1 स्थित बूथों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान बीएलओ ने 20 नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरवाए गए, जबकि नाम और पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाए गए। मृत और दो स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी की गई। सभासद बकील अंसारी ने लोगों को जागरूक कर नए वोट बनवाने की अपील की। संवाद



Source link