बकेवर। कस्बे के 50 शैया अस्पताल में सिर्फ सात डॉक्टर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। वहीं, पोर्टल पर अस्पताल में 11 डॉक्टरों की तैनाती दिखाई जा रही है। अतिरिक्त चार डॉक्टर काफी समय पहले ही त्यागपत्र देकर अस्पताल से जा चुके हैं। पोर्टल पर जगह रिक्त न दिखने से शासन स्तर से नए डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो पा रही है।
50 शैया अस्पताल बकेवर में तीन साल पहले सीएमएस और तीन ईएमओ सहित 12 डॉक्टरों का स्टाफ था। इनमें एक सर्जन, महिला रोग विशेषज्ञ, बालरोग विशेषज्ञ, पैथाेलाॅजिस्ट, दांत रोग विशेषज्ञ की तैनाती थी। नेत्र सर्जन को पिछले वर्ष सितंबर में तैनात किया गया था। अस्पताल में इस साल से बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज होना शुरू हुई है। फरवरी में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता गौतम व एक साल पहले नेत्र सर्जन डॉ. ऋतु माहेश्वरी ने पारिवारिक कारणों के चलते अस्पताल की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। शासन से अभी तक न तो उनके इस्तीफे मंजूर हुए है और न ही उन्हें नामंजूर कर वापस जॉइन करने का कोई निर्देश दिया गया है। पैथाेलाॅजिस्ट डॉ. रंजना अवस्थी जॉइनिंग के बाद पिछले तीन साल से व सर्जन डॉ. नरसिंह दो साल से गैरहाजिर चल रहे हैं। अभी 50 शैया अस्पताल में सीएमएस सहित कुल सात चिकित्सक हैं।
अस्पताल में मौजूदा डॉक्टरों की संख्या की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल के लिए डॉक्टरों की मांग भी की गई है। – डॉ. संदीप गुलाटी, सीएमएस
