Elderly woman, distressed over illegal occupation of her property, breaks down in tears before the SP

फोटो 25:: बिलखतीं सावित्री देवी को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देतीं एसपी सिटी बबीता सिंह। संवाद
– फोटो : 1

इटावा। प्लॉट पर निर्माण कराने के दौरान धमकी देकर काम रुकवाने और जमीन पर कब्जे की आशंका जताते हुए एक बुजुर्ग महिला कई महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं। थाना दिवस, तहसील दिवस, राज्य महिला आयोग और आईजीआरएस पर शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। शनिवार को रोते-बिलखते सिविल लाइन थाने में एसपी सिटी बबीता सिंह के पास पहुंचीं महिला अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गईं। इस पर एसपी सिटी ने राजस्व टीम गठित कर मौके पर जांच और जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए।


फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी सावित्री देवी (93) ने बताया कि शिवा कॉलोनी में उनका प्लॉट है। पति की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। उनका एक बेटा प्रशांत मोहन त्रिपाठी इंजीनियर है और ब्राजील में नौकरी करता है। वह यहां अकेले रहती हैं। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रही थीं, तभी एक व्यक्ति ने धमकी देकर काम रुकवा दिया। उन्हें आशंका है कि वह प्लॉट पर कब्जा करना चाहता है।

उन्होंने 28 फरवरी को थाना दिवस, चार मार्च को तहसील दिवस और नौ मार्च को इटावा आई राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी के सामने शिकायत की थी। 30 मई को आईजीआरएस पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने तहसील कर्मचारियों पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप भी लगाया। एसपी सिटी ने सोमवार को राजस्व टीम से मौके पर जांच, पैमाइश और प्लॉट चिह्नित कराने के निर्देश दिए।



Source link