इटावा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपदस्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन जीआईसी के आशा सभागार में किया गया। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अंजू श्री के निर्देशन एवं संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों के कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने 12 विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईओएस अतुल कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक सक्सेना ने किया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कला उत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कला कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता में संगीत शास्त्रीय गायन एकल में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी कॉलेज की अवनि वर्मा, लोकगीत समूह गायन में संत विवेकानंद विद्यालय की आज्ञा गुप्ता, मुस्कान यादव, प्राची यादव और अनुष्का पोरवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संगीत वादन शास्त्रीय एकल में नारायण कॉलेज के तेजस, शास्त्रीय ताल वाद्य एकल में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरिया कूकपुर के विशाल ने बाजी मारी। वाद्यवृंद समूह में संत विवेकानंद विद्यालय के अर्जुन यादव, विराज यादव, कार्तिक दुबे और कार्तिक सिंह प्रथम रहे। समूह लोक नृत्य में वृत्तिका मिश्रा, अनुश्री शर्मा, पाखी सक्सेना और अंशिका प्रजापति की टीम विजेता रही। लघुनाटिका में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रिया, कृतिका सोनी, वर्षा और प्रिया सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

द्विआयामी दृश्य कला में तिवारी ज्वाला प्रसाद आर्य इंटर कॉलेज की सिद्धि द्विवेदी, मूर्तिकला में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अंजली, स्वदेशी खिलौने में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरिया कूकपुर के अनुराग व विश्वास तथा पारंपरिक कहानी वाचन में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की दिव्यांशी सिकरवार और सृष्टि यादव प्रथम रहीं। निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पारोमिता विश्वास और विदुला द्विवेदी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य ने बताया कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिता 19 सितंबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चुन्नीगंज, कानपुर नगर में होगी। इसमें जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *