इटावा। 22 नवंबर से महोत्सव का रंगारंग आगाज किया जाएगा। इस बार इटावा महोत्सव का नजारा कुछ बदला दिखाई देगा। प्रशासन की ओर से महोत्सव में आने वाले लोगों को और भव्यता देने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इस बार अब झूला सर्कस वाले स्थान पर लगे हैं। इस रोड पर दुकानों की संख्या को भी बढ़ाया गया है। उधर, पंडाल में होने वाले कार्यक्रम भी इस बार और शानदार कराए जाएंगे।
एडीएम न्यायिक मनोज प्रकाश ने बताया कि 22 नवंबर को नुमाइश का डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल की ओर से शुभारंभ किया जाएगा। शुभारंभ के अवसर पर डिजिटल आतिशबाजी होगी। वहीं वाराणसी के कलाकार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। मुंबई के कलाकार शरद शर्मा भी बताया कि इस बार महोत्सव को और भव्य किया गया है। दुकानों के बीच सड़क के जगह को ज्यादा खुला कराया गया है, ताकि लोग आराम से भ्रमण कर सकें।
वहीं झूले की तरफ वाली जगह में भी कुछ बदलाव है। अब झूले वाली रोड से घुसते ही झूलों का आनंद लोग ले सकेंगे। यहां पहले सर्कस और मौत का कुआं रहता था। वहीं महोत्सव की आय बढ़ाने के लिए इस बार खाली पड़ी रहने वाली झूला रोड पर भी दुकानें लगवाई जा रही हैं। सभी से लगभग 14 हजार का किराया लिया जाएगा।
बताया कि इस बार मुशायरे में वसीम बरेलवी आएंगे। वहीं इस बार कवि सम्मेलन में हरिओम पवार, अशोक चक्र समेत बड़े नामी कवि आएंगे। उधर, मेगा नाइट के लिए भी बड़े गायक को बुलाने की तैयारी है। जल्द ही उसका भी कार्यक्रम कर दिया जाएगा।

