चकरनगर/उदी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चकरनगर कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चौराहे के पास कार की टक्कर से आशू (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को इटावा के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक शशांक राजपूत ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बढ़पुरा क्षेत्र के उदी-चकरनगर मार्ग पर ढकरा की नरिया के पास सोमवार रात करीब नौ बजे अचानक गाय सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार अंकुश चौहान (30) निवासी नगला भवानीदास गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।(संवाद)

