इटावा। कैंटीन बंद कराने के लिए हिस्ट्रीशीटर के भाइयों ने पिता-पुत्र से मारपीट की। इसके बाद एक आरोपी ने तमंचे से करीब चार राउंड फायर किए। पिता-पुत्र ने काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग में कैंटीन के काउंटर का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला लालपुरा निवासी मोहम्मद जाहिद की तकिया आजादगान में कैंटीन है। जाहिद का आरोप है कि कार्तिक तिवारी और उसके परिजन उनकी कैंटीन बंद कराना चाहते हैं। कार्तिक के घर के बाहर शराब का ठेका और कैंटीन संचालित होती है। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने बेटे अल्तमश के साथ कैंटीन पर बैठकर दुकानदारी कर रहे थे। इसी दौरान कार्तिक तिवारी कैंटीन में पहुंचा और शराब के नशे में बिना किसी कारण के गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुछ देर बाद कार्तिक का बड़ा भाई केशव तिवारी एक अज्ञात युवक के साथ पहुंचा। तीनों ने मिलकर जाहिद और अल्तमश को डंडे, लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
जाहिद और अल्तमश किसी तरह आरोपियों से बचकर कैंटीन के अंदर चले गए। इसी दौरान केशव तिवारी ने तमंचा निकालकर कैंटीन की ओर जान से मारने की नीयत से चार फायर किए। पिता-पुत्र ने काउंटर के पीछे छिपकर खुद को सुरक्षित किया। जाहिद का आरोप है कि घटना के दौरान कार्तिक के मोबाइल पर हिस्ट्रीशीटर शिवम तिवारी का फोन आया। शिवम ने स्पीकर पर पिता-पुत्र को गाली देते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दो सिपाहियों को कैंटीन के बाहर तैनात किया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि जाहिद की तहरीर पर जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

फोटो 13:: फायरिंग में टूटा काउंटर का शीशा। संवाद

फोटो 13:: फायरिंग में टूटा काउंटर का शीशा। संवाद
