जसवंतनगर। ग्राम पंचायत जगसौरा के मजरा नगला घनु में सार्वजनिक खेल मैदान पर अवैध कब्जे की शिकायत का प्रशासन ने संज्ञान लिया। शुक्रवार को एसडीएम के निर्देश पर पहुंची राजस्व टीम ने खेल मैदान को कब्जामुक्त कराया है।

गौरतलब है कि नगला घनु के सार्वजनिक खेल मैदान पर कुछ लोगों ने ट्रैक्टर, हल, थ्रेसर, धान का पुआल और बाजरे की करब के गठ्ठर सहित अन्य सामान रखकर कब्जा कर लिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि मैदान पर कब्जा होने से गांव के बच्चे खेलकूद से वंचित हो रहे हैं। बच्चों को खेलने से रोकने और विरोध करने पर गाली-गलौज किए जाने की शिकायत भी की गई थी।

इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से मैदान को कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई थी। इस मामले को एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर संबंधित लेखपाल जयप्रकाश सिंह राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मैदान में रखा सामान हटवाकर सार्वजनिक भूमि को खाली कराया।

प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब गांव के बच्चे बिना किसी बाधा के मैदान में खेल सकेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भविष्य में दोबारा कब्जा न होने देने की मांग की है।



Source link