फोटो 03::: गेहूं की बुवाई के लिए तैयार किया गया खेत। संवाद

– रबी फसल का 1.14 लाख हेक्टेयर में आच्छादन का लक्ष्य

– पिछले साल के मुकाबले तिलहन का रकबा 5691 हेक्टेयर बढ़ाने की तैयारी

संवाद न्यूज एजेंसी

इटावा। रबी के सीजन में इस बार फसलों के रकबे में बदलाव देखने को मिलेगा। गेहूं की खेती का रकबा घटाने की तैयारी है, जबकि सरसों और तोरिया की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि विभाग ने रबी फसल वर्ष 2026 के लिए कुल 1,14,754 हेक्टेयर में फसल आच्छादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले साल 1,14,597 हेक्टेयर में फसलों की बोआई हुई थी। इस बार कुल रकबे में महज 157 हेक्टेयर की बढ़ोतरी प्रस्तावित है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, गेहूं का रकबा पिछले साल 90,075 हेक्टेयर था, जिसे इस बार घटाकर 84,378 हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। यानी गेहूं की खेती का रकबा 5,697 हेक्टेयर कम करने की तैयारी है। वहीं तिलहन की खेती में बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। पिछले साल 20,933 हेक्टेयर में तिलहन की फसल हुई थी, जिसे इस बार बढ़ाकर 26,624 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है।

तिलहन में सरसों और राई का रकबा 14,324 से बढ़ाकर 17,649 हेक्टेयर और तोरिया का रकबा 6,607 से बढ़ाकर 8,973 हेक्टेयर करने की योजना है। दलहन का रकबा भी 974 से बढ़ाकर 1,111 हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। इसमें चना 786, मटर 287 और मसूर 38 हेक्टेयर में बोने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं जौ का रकबा 2,615 से बढ़ाकर 2,641 हेक्टेयर करने की तैयारी है। रबी मक्का और अलसी का लक्ष्य पिछले साल की तरह शून्य और दो हेक्टेयर ही रखा गया है। जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि रबी की बोआई का लक्ष्य प्राप्त हो गया है, उसी अनुरूप किसानों को जागरूक किया जा रहा है।



Source link