Farmer dies after falling down the stairs while coming down from the roof

फोटो 09 अरविंद सिंह। फाइल फोटो

जसवंतनगर। क्षेत्र के गांव धरवार में रविवार सुबह छत से उतरते समय सीढ़ियों से गिरकर किसान की मौत हो गई।


धरवार गांव निवासी अरविंद सिंह (55) फूलों की खेती करते थे। वह फूलों से माला बनाकर रोजाना सुबह साइकिल से ब्रह्माणी देवी मंदिर जाते थे और शाम तक फूल-माला बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह उठने के बाद वह छत पर जाने के लिए बनी सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन में पड़ोसी ओमवीर सिंह उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर विकास अग्निहोत्री ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसी ओमवीर सिंह ने बताया मृतक के पास एक बीघा जमीन है।

पत्नी मंजू देवी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। उनके बेटी खुशी और दो बेटे अंशुल व सुमित हैं। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया अस्पताल प्रशासन की सूचना पर अरविंद सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।(संवाद)



Source link